शहीद स्मारक स्थल रूर में किसान महोत्सव का किया गया आयोजन

कैबिनेट मंत्री मोती सिंह ने शहीद स्मारक स्थल रूर में शहीदों को किया पुष्प अर्पित एवं वट वृक्ष का किया रोपण

प्रतापगढ़। स्वतंत्रता संग्राम के 75 वर्ष आजादी का अमृत महोत्सव के तहत रूर शहीद स्मारक स्थल पर अवध किसान सभा के गठन के 101 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर किसान महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के ग्राम्य विकास एवं समग्र ग्राम विकास मंत्री राजेन्द्र प्रताप सिंह ‘‘मोती सिंह’’ सम्मिलित हुये। अवध किसान आयोजन समिति के तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम में पहुॅचे कैबिनेट मंत्री मोती सिंह ने शहीद स्मारक स्थल पर शहीदों को पुष्प अर्पित किया, उसके बाद स्मारक स्थल पर वट वृक्ष का रोपण किया। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री मोती सिंह ने लोगों को सम्बोधित करते हुये कहा कि अवध किसान सभा का गठन रूर गांव में किया गया था। बाबा रामचन्द्र, ठाकुर झिंगुरी सिंह, सहदेव सिंह, अयोध्या, अक्षयबर सिंह, प्रयाग, काशी, भगवानदीन आदि किसान नेताओं ने अवध किसान सभा के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, ऐेसे किसानों की शहादत को कभी भुलाया नही जा सकता है। उन्होने कहा कि पट्टी में विकास के लिये हमेशा सजग था और हमेशा रहूंगा। उन्होने रूर में ब्लाक बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होने कहा कि गरीबों का कल्याण, गरीबों का सम्मान सरकार का अभियान है और इस अभियान के तहत गरीब, असहाय व्यक्तियों को हर सम्भव मदद की जा रही है। मा0 प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में देश का सर्वांगीण विकास हो रहा है, सरकार सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास के साथ कार्य कर रही है और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अन्तिम पायदान पर खड़े व्यक्ति मिल रहा है। किसान महोत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टाल भी लगाये गये थे।

कार्यक्रम में फौजदार सिंह का आल्हा का आयोजन किया गया। कवि सम्मेलन में जयराम पाण्डेय राही व हमदम प्रतापगढ़ी ने अपनी रचनायें पढ़ी। कार्यक्रम में मुख्य रूप से ब्लाक प्रमुख पट्टी राकेश कुमार सिंह, ब्लाक प्रमुख आसपुर देवसरा कमलाकान्त यादव, जिला पंचायत सदस्य पूनम इन्सान, ग्राम प्रधान बाभनपुर अरविन्द वर्मा, स्वतंत्रता सेनानी ठाकुर झिंगुरी सिंह के परपौत्र दिनेश सिंह, ग्राम प्रधान उमरडीहा रमाशंकर सरोज, पूर्व प्रधान रमेश सिंह सहित ग्राम प्रधान व अन्य सम्भ्रान्त लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राम प्रकाश पाण्डेय ने किया।

------------------

जिला सूचना कार्यालय प्रतापगढ़ द्वारा प्रसारित